
रांची:
18 जून को झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए खेमा काफी उत्साहित है। चूंकि चुनाव की अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है, चुनाव में कुछ घंटे ही शेष हैं इस कारण होटल रेडिशन ब्लू में ठहरे एनडीए विधायकों की राजनीतिक गतिविधियां चरम पर है। यहां प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायकों को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया की जानकारी से रूबरू कराया गया एवं मॉक पोल प्रशिक्षण भी कराया गया ताकि वोटिंग के दौरान किसी प्रकार की कोई चूक की गुंजाइश नहीं रहे। चूंकि कई विधायक नए हैं इसलिए राज्यसभा में कैसे उन्हें मतदान करना है, वोटिंग की पूरी प्रक्रिया से इस दौरान उन्हें अवगत कराया गया।
इस दौरान उपस्थित एनडीए के सभी विधायक काफी उत्साहित और एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत को लेकर वे सभी आश्वस्त दिखें।
आदित्य साहू ने कांग्रेस पर कसा तंज
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पर होटल की राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस के पास दरअसल नैतिकता नाम की कोई चीज बची ही नहीं है। कांग्रेस यह बताए कि बीएनआर होटल में किसके विधायक ठहरे हुए हैं और वह क्या कर रहे हैं ? कांग्रेस तो कल बड़ी-बड़ी बातें कर रही थी मानो उसके विधायक सीधे अपने-अपने घरों से ही यहां वोट देने आएंगे। लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि होटल बीएनआर में उनका पूरा कुनबा क्या कर रहा है।
आदित्य साहू ने कहा कि एनडीए के सारे विधायक एकजुट हैं और सभी विधायक परिमल नाथवानी के साथ मजबूती से खड़े हैं। एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत 100 फीसदी तय है। साथ ही यह भी तय है कि विपक्षी खेमे के कई विधायक अंतरात्मा और राष्ट्रहित को देखते हुए वोट करेंगे।
एनडीए की एकजुटता देख सत्तापक्ष बेचैन
उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए विधायकों की आज रेडिशन ब्लू होटल वाली उत्साह से लबरेज यह तस्वीर देखकर कांग्रेसी खेमे में हताशा, बेचैनी और छटपटाहट मचना स्वाभाविक है। आज रात उन्हें नींद नहीं आने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने पोलिंग एजेंट भी झारखंड से बाहर के नेताओं को बनाया है। कांग्रेस ने अपने झारखंड प्रभारी के. राजू एवं सह प्रभारी सीरी वेल्ला प्रसाद को पोलिंग एजेंट बनाने का काम किया है। क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेता पोलिंग एजेंट बनने तक की विश्वसनीयता और योग्यता नहीं रखते?




