राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के पावन अवसर पर तीसरी सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ मंदिर एवं पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कांवरियों की सुरक्षा, सुगम जलार्पण एवं कतार प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
इसी क्रम में संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक श्री मयूर पटेल एवं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर परिसर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। दोनों वरीय अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में स्थापित आधुनिक सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, रूट लाइनिंग एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही की लाइव निगरानी की।
कंट्रोल रूम से रूट लाइनिंग और क्यू मॉनिटरिंग का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान आईजी श्री मयूर पटेल एवं उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने रूट लाइनिंग के विभिन्न कतार बिंदुओं के साथ-साथ मंदिर परिसर के आंतरिक एवं बाहरी क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं की कतार की स्थिति की समीक्षा की, ताकि कतार लगातार गतिमान रहे और किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो।
उपायुक्त ने IMCR एवं मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों तथा तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के सभी संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर श्रद्धालुओं की कतार धीमी होती है अथवा भीड़ का दबाव बढ़ता है, तो इसकी सूचना तत्काल ऑन-ड्यूटी दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात टीम को निर्देशित किया कि सीसीटीवी एवं वीडियो वॉल के माध्यम से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित किसी भी स्थिति पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।