बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताने के लिए तस्कर आए दिन नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन भोजपुर में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। धनगाई थाना क्षेत्र के मोहनिया-आरा मुख्य मार्ग पर महुरही ओवरब्रिज के पास विभाग ने एक 14 चक्का ट्रक को जब्त किया, जिसमें गिट्टी की आड़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी की जा रही थी।
विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की तरफ से एक ट्रक के जरिए शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान BR24GB-4581 नंबर के ट्रक को रोका। ऊपर से देखने पर ट्रक में सिर्फ गिट्टी भरी हुई थी, लेकिन तलाशी लेने पर गिट्टी के नीचे छिपे शराब के कार्टन बरामद हुए।
इस कार्रवाई में 8 PM Special Blended Of Scotch Whisky की 180 एमएल वाली कुल 2,400 बोतलें (432 लीटर) बरामद की गईं, जिसकी बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक मनीष कुमार, जो रोहतास जिले का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया है। अब विभाग इस पूरे नेटवर्क के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।
छापेमारी करने वाली टीम में सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव और राणा विकास कुमार समेत अन्य सुरक्षाकर्मी शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



