
Patna: भारतीय जनता पार्टी ने युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय संगठन का पुनर्गठन करते हुए देश के विभिन्न राज्यों के प्रमुख युवा नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन विस्तार के तहत सात युवा नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन को राष्ट्रीय महामंत्री और नौ को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को भाजयुमो का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, बिहार की विधायक एवं प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से सांसद हेमांग जोशी ने मंगलवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची जारी की। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार ये नियुक्तियां की गई हैं और सभी पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए अन्य नेताओं में उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नगालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमाली नाइक, बिहार के राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग शामिल हैं। राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश के हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय सचिव के रूप में असम के बिस्वजीत खांउड, मध्यप्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। संगठन में मीडिया और डिजिटल गतिविधियों के लिए भी नियुक्तियां की गई हैं। बिहार के हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली की शिवानी सिंह और विशु बसोया तथा हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर राष्ट्रीय सह-प्रभारी होंगे। दिल्ली की अपूर्वा सिंह को राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी और बिहार के मानवेंद्र चौहान को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्यों को प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मैथिली ठाकुर समेत 34 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश से पांच सदस्य हैं, जबकि बिहार, गुजरात, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से दो-दो सदस्य शामिल किए गए हैं। शेष 17 सदस्य विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। इन नियुक्तियों के जरिए युवा मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन में देश के अलग-अलग क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।



