रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई एवं दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। निर्वाचन सदन सभागार में आयोजित इस समीक्षा-सह-शंका निवारण सत्र में हटिया, कांके, रांची, मांडर, खिजरी, तमाड़ एवं सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) उपस्थित रहे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए टोकन सिस्टम लागू करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में SIR के तहत चल रहे कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई के दौरान मतदाताओं को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए टोकन सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं, गर्भवती महिलाओं तथा छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिला मतदाताओं को प्राथमिकता देने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
जनजातीय मतदाताओं के दस्तावेजों पर विशेष ध्यान
श्री के. रवि कुमार ने जनजातीय समूह के मतदाताओं के दस्तावेज संबंधी सुनवाई हेतु विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकारी कार्यालयों में पहले से उपलब्ध अभिलेखों का इस्तेमाल करते हुए ऐसे मतदाताओं को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए। दस्तावेजों की जांच के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रत्येक दावा-आपत्ति का निष्पक्ष परीक्षण जरूरी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का नियमानुसार एवं निष्पक्षता के साथ परीक्षण किया जाए। उन्होंने सुनवाई एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में एकरूपता सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कम फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वैसे मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया जहां शून्य अथवा 1 से 5 की संख्या में फॉर्म 6 प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवा पात्र भारतीय नागरिकों को प्रेरित करते हुए उन्हें मतदाता सूची में जोड़ने का हर संभव प्रयास किया जाए। SIR का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो सके।
निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं। रांची जिले में इस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

