नई दिल्ली। बड़ी खबर है, युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले 12 और 13 सितंबर 2026 को नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
दक्षिण अफ्रीका में रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी पुष्टि की है। बता दें कि, एक साल में यह रूसी राष्ट्रपति की दूसरी भारत यात्रा होगी।
इससे पहले 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए दिसंबर 2025 में पुतिन ने भारत का दौरा किया था। अब एक बार फिर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने वो भारत आने वाले हैं।
दरअसल, इस बार ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत कर रहा है। भारत ने साल 2012, 2016 और 2021 के बाद चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बीते दिनों गुजरात के गांधीनगर में ब्रिक्स देशों के व्यापार और आर्थिक मामलों से जुड़े अधिकारियों की एक बैठक में बताया कि ब्रिक्स देशों के बीच वस्तु व्यापार में 13 गुना इजाफा हुआ है।
उन्होंने बताया कि साल 2003 में 84 अरब डॉलर से बढ़कर 2024 में यह 1.17 लाख करोड़ डॉलर हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह व्यापार अब भी वैश्विक व्यापार का केवल करीब पांच प्रतिशत है।
ब्रिक्स में शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। साल 2024 में इसका विस्तार कर इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को भी शामिल किया गया।
साल 2025 में इंडोनेशिया भी इस समूह का सदस्य बना. ब्रिक्स दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है जो वैश्विक आबादी का लगभग 49.5 प्रतिशत, वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का करीब 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का लगभग 26 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है।
