
नई दिल्ली: टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। रहाणे ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट व सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय लगता है।
रहाणे ने अपने वीडियो में क्रिकेट के लंबे सफर को याद किया। उन्होंने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचने के अपने सफर का भी जिक्र किया। अजिंक्य रहाणे ने वीडियो में कहा, “जिंदगी की सच्चाई यह है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब समय आता है, तो आपको बस उसका सम्मान करना है और आगे बढ़ना है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में टाइमिंग पर भरोसा किया है और मैंने हमेशा इसकी अहमियत को समझा है। आज मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय है।”
रहाणे ने बताया कि किस तरह वह महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से निकलकर क्रिकेटर के रूप में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि खेल के लिए उन्होंने अपना सब कुछ दिया और हमेशा ईमानदारी से क्रिकेट खेला। हालांकि, रहाणे ने यह भी साफ किया कि खेल के साथ उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, हर आईपीएल फ्रेंचाइजी और परिवार का आभार जताया। रहाणे ने अपनी पत्नी राधिका समेत उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया, जो उनके सफर में हमेशा उनके साथ खड़े रहे।
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 38 की औसत से 5,077 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 26 अर्धशतक निकले। वनडे क्रिकेट में रहाणे ने 90 मुकाबले खेले और 35 की औसत से 2,962 रन बनाए। उनके नाम वनडे में 3 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज हैं।
रहाणे ने भारत के लिए 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले भी खेले। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में उन्होंने 113 के स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रहाणे छह टीमों की ओर से कुल 212 मैच खेल चुके हैं। अब उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर अपने लंबे क्रिकेट करियर को विराम देने का फैसला किया है।


