
मेडिकल की सीटें बढ़ेंगी, 100 नए उत्कृष्ट स्कूल होंगे तैयार
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 53 प्रस्तावों पर स्वीकृति दी गई।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में स्नातक और स्नातकोत्तर सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए 2026-27 से 2029-30 तक करीब 3.94 अरब रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई। धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी मेडिकल सीटों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
सरकार ने राज्य के अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों की नियुक्ति नियमावली 2026 को भी मंजूरी दी। इसके अलावा मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई अन्य प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने सहमति दी।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा फैसला
कैबिनेट ने ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय’ के रूप में विकसित किए जाने वाले स्कूलों के लिए 7.21 अरब रुपये की राशि मंजूर की है। इसके तहत नए प्रखंडों में 100 उत्कृष्ट विद्यालय खोले जाने की योजना है। साथ ही झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों के संचालन और विस्तार के लिए भी राशि स्वीकृत की गई।
छात्रों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को हर महीने 10 मुफ्त सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए 1.24 अरब रुपये का प्रावधान किया गया है।
बुनियादी ढांचे और रोजगार पर भी जोर
बैठक में सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से संबंधित कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली। विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही सिंचाई, पेयजल, पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने से जुड़े फैसले भी लिए गए।
कैबिनेट के फैसलों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में राज्य सरकार की योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

