रांची: माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज श्री मदनमोहन मंदिर, बोड़ेया, राँची में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ झारखण्ड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
ऐतिहासिक महत्व वाला मंदिर
राज्यपाल महोदय ने बताया कि वर्ष 1665 ई. में निर्मित इस मंदिर से जुड़े शिलालेख एवं ताम्रपत्र इसकी ऐतिहासिकता के महत्वपूर्ण प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी विरासत हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ती है। बोड़ेया स्थित श्री मदनमोहन मंदिर झारखण्ड की प्राचीन धरोहर का जीवंत उदाहरण है जो सदियों से आस्था का केंद्र बना हुआ है।
भगवान श्रीकृष्ण का संदेश आज भी प्रासंगिक
राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और विवेक के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका व्यक्तित्व प्रेम, करुणा, मित्रता, ज्ञान एवं कर्तव्य का सुंदर समन्वय है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्म और आत्मविश्वास का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। निष्काम कर्म और कर्तव्य के प्रति निष्ठा का यह संदेश प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
श्री मदनमोहन स्वामी स्तुति का लोकार्पण
उक्त अवसर पर माननीय राज्यपाल द्वारा ‘श्री मदनमोहन स्वामी स्तुति’ का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने कहा कि यह केवल एक स्तुति का प्रकाशन नहीं, बल्कि भक्ति, आस्था और परंपरा को शब्दों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने इस पहल के लिए मंदिर समिति को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सामूहिक दायित्व
राज्यपाल महोदय ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत तभी जीवंत और समृद्ध बनी रहेगी, जब नई पीढ़ी उससे जुड़ेगी। युवाओं को अपने इतिहास, प्राचीन मंदिरों, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत की भूमि भी है और इस विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सामूहिक दायित्व है।
सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का आह्वान
राज्यपाल महोदय ने सभी से आह्वान किया कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों से प्रेरणा लेकर सत्य, धर्म, प्रेम, सद्भाव और कर्तव्य के मार्ग पर चलें तथा समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री मदनमोहन की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आनंद का संचार हो।
पूजा-अर्चना और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इससे पूर्व राज्यपाल महोदय ने श्री मदनमोहन मंदिर, बोड़ेया में पूजा-अर्चना की। उक्त अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री आदित्य साहू, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी चौबे एवं श्री सुदर्शन भगत, पूर्व सांसद श्री रबीन्द्र कुमार पांडेय एवं श्री समीर उरांव सहित कई गणमान्य अतिथिगण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर उत्सव को भव्य बनाया।
झारखण्ड के राज्यपाल द्वारा इस अवसर पर दिए गए संदेश ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। मंदिर परिसर में भक्ति का वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना में भाग लिया। जन्माष्टमी का यह पर्व प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाया जाता है।

