रांची। झारखंड में फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। राजधानी रांची स्थित सूचना भवन से जल्द ही झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (जेएफटीआई) की शुरुआत किए जाने की तैयारी है।
संस्थान में युवाओं को फिल्म निर्माण और मीडिया से जुड़ी विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुरुआती चरण में 1, 2, 3 और 6 माह के पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की योजना है। विद्यार्थियों को शॉर्ट टर्म के साथ-साथ पार्ट टाइम, फुल टाइम और इवनिंग क्लास की सुविधा भी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
फिल्म निर्माण की तकनीक सीखेंगे युवा
जेएफटीआई के माध्यम से विद्यार्थियों को साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनीमेशन, स्क्रिप्ट राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और प्रोडक्शन जैसी विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा फिल्म एप्रीसिएशन और मीडिया कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
संस्थान की स्थापना को लेकर एसएफटीआई के कुलपति समेत संबंधित अधिकारियों ने सूचना भवन का जायजा लिया और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संस्थान के संचालन के लिए उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी सुविधाओं पर चर्चा हुई।
तकनीकी प्रशिक्षण पर रहेगा विशेष फोकस
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के अनुसार संस्थान में ब्लू प्रिंट, क्लासरूम डिजाइन और फैकल्टी ट्रेनिंग के माध्यम से प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उपलब्ध संसाधनों के आधार पर जल्द ही कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है।
इस पहल से झारखंड के उन युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो फिल्म, टेलीविजन और मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। संस्थान के शुरू होने से राज्य में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार और रचनात्मक अवसरों का नया मंच भी मिल सकता है।

