*स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत सीसीएल मुख्यालय समेत सभी कोयला क्षेत्रों में दिलाई गई स्वच्छता शपथ*
स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत आज, 15 सितंबर 2026 को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची समेत कंपनी के क्षेत्रों एवं इकाइयों में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (CCMC) श्री वी. के. शुक्ला ने उपस्थित सभी कर्मियों को स्वाच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने शपथ लिया कि स्वच्छता को केवल कार्यस्थल तक सीमित न रखते हुए इसका प्रभाव घर, गांव, मोहल्ले और पूरे समाज तक पहुंचाना चाहिए। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
साथ ही, सभी ने अपने आस-पास, गांव, मोहल्ले एवं कार्यस्थल को स्वच्छ रखने तथा कम से कम 100 अन्य लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाने और उन्हें स्वच्छता के लिए प्रति वर्ष 100 घंटे देने हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया।
*स्पेशल कैंपेन 6.0 : तीन चरणों में चलेगा अभियान*
स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत इस वर्ष अभियान को निर्धारित चरणों में संचालित किया जाएगा। 16 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक प्रिपरेटरी फेज़ चलेगा।
इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती 2 अक्टूबर, 2026 के अवसर पर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
अभियान का इंप्लीमेंटेशन फेज़ 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा। इस दौरान स्वच्छता, कार्यस्थल की साफ-सफाई, लंबित मामलों के निस्तारण तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सीसीएल परिवार ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर, इसे अपने निरंतर व्यवहार और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया है।

