
चतरा उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के महानिरीक्षक (IG) शैलेंद्र कुमार का चतरा आगमन हुआ। चतरा एसपी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत, आईजी ने कॉन्फ्रेंस हॉल में रामगढ़ और चतरा जिले की पुलिस टीमों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस अहम बैठक में चतरा एसपी सहित दोनों जिलों के सभी वरीय पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा दोनों जिलों में लंबे समय से लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करना था। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए आईजी शैलेंद्र कुमार ने एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिन लोगों पर मामले दर्ज हैं, पुलिस की यह जिम्मेदारी है कि जांच कर उन केसों का समय पर निपटारा करे। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि लंबित मुकदमों के बोझ तले किसी का आने वाला भविष्य अंधकारमय न हो।




