नई दिल्ली: हरियाणवी इंडस्ट्री में इस वक्त दहशत का माहौल है क्योंकि बुधवार शाम को मशहूर सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या सरेआम गोली मारकर कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरी इंडस्ट्री समेत फैंस को स्तब्ध कर दिया है।
अंकित बालियान की हत्या का पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक वारदात उस वक्त हुई जब अंकित बालियान जिम से वर्कआउट करके बाहर निकल रहे थे। तभी चार अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने लगभग 20 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली सिंगर के सिर पर लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस इसे आपसी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देख रही है। इस मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, बहन ने मांगा इंसाफ
अंकित बालियान की हत्या ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। अंकित की बहन अंशु बालियान ने इंस्टाग्राम पर भाई की याद में कई भावुक पोस्ट साझा किए हैं। एक वीडियो में अंकित के पार्थिव शरीर के सामने परिवार फूट-फूटकर रोता दिख रहा है। अंकित की मां बदहवास हालत में हैं और बार-बार बेटे को पुकार रही हैं।
अंशु ने एक पोस्ट में लिखा, “मेरा भाई कहां गया तू, आजा भाई वापस, बहन कर रही मिस।” दूसरे वीडियो में दोनों भाई-बहन साथ में चिल करते नजर आ रहे हैं। अंशु ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले सुबह ही उनकी अंकित से बात हुई थी और सब कुछ सामान्य था। अंशु ने मीडिया के माध्यम से पुलिस-प्रशासन से अपने भाई के लिए इंसाफ की गुहार लगाई है। उनकी इंस्टा स्टोरी पर फैंस भी लगातार कमेंट कर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।
मौत से दो घंटे पहले का वीडियो वायरल
इस पूरी घटना में सबसे ज्यादा झकझोरने वाला पहलू अंकित का वह वीडियो है जो उन्होंने मौत से महज दो घंटे पहले इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। वीडियो में अंकित बेहद खुश नजर आ रहे हैं और गाना गा रहे हैं। वह हरियाणवी अंदाज में गाते दिख रहे हैं, “रे खास भाई कि भड़क के ऊपर, मर्डर मार दे सड़क के ऊपर… जो खटकेगा वो भटकेगा, बचके जाएगा कुकर।”
नियति का क्रूर खेल देखिए कि जिस ‘मर्डर सड़क के ऊपर’ की लाइन वह गा रहे थे, चंद घंटों बाद वही हकीकत बन गई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस की आंखें नम कर रहा है। यूथ के बीच अंकित की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके निधन की खबर आते ही सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का सैलाब उमड़ पड़ा।
अंकित बालियान का करियर और प्रसिद्धि
अंकित बालियान पेशे से एक्टर, सिंगर होने के साथ-साथ एक मशहूर यूट्यूबर भी थे। उन्हें गाने “भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान” से खास पहचान मिली थी। इस गाने ने युवाओं के बीच उन्हें स्टार बना दिया था। उनके यूट्यूब चैनल पर लाखों सब्सक्राइबर्स हैं और उनके वीडियो मिलियन्स में व्यूज बटोरते थे।
उनके गानों में हरियाणवी संस्कृति, भाईचारा और युवाओं का जोश झलकता था। यही वजह है कि उनकी मौत को इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है।
इस घटना ने एक बार फिर कलाकारों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। फैंस और परिवार अब बस यही चाहते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा दिलाई जाए। आजतक की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

