रांची: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के आगामी चैंबर चुनाव को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चुनावी तैयारियों और प्राथमिकताओं की घोषणा की। टीम की ओर से 35 सदस्यों के साथ चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मुकेश अग्रवाल ने व्यवसायियों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि चैंबर व्यापारियों के हितों की आवाज को मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण मंच है।
चैंबर चुनाव में टीम मुकेश अग्रवाल की प्राथमिकताएं
मुकेश अग्रवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समाधान कराना, बाजार से जुड़ी परेशानियों को संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना तथा राज्य में व्यवसाय के लिए बेहतर माहौल तैयार करना होगी। उन्होंने कहा कि टीम पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है और व्यवसायियों के सहयोग से चैंबर को और मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि आदित्य मल्होत्रा के अधूरे काम को टीम मुकेश अग्रवाल पूरा करेगी। उनकी टीम के अधिकतर सदस्य हमारे साथ हैं। यह एकजुटता हमारी ताकत है और इससे हम व्यापारियों की आवाज को और बुलंद कर सकेंगे।
वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन
चैंबर के वर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि व्यापार जगत इस समय कई चुनौतियों से गुजर रहा है। ऐसे में चैंबर की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुकेश अग्रवाल को सरकार के समक्ष व्यवसाय वर्ग की समस्याओं को प्रभावी तरीके से रखने में सक्षम बताते हुए उनके नेतृत्व का समर्थन किया।
पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि मुकेश अग्रवाल की टीम चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। व्यापारियों एवं उद्योगों के प्रति हम अपनी जिम्मेवारी को समझते हुए इस चुनाव में मजबूती से खड़े हैं। पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि झारखंड के व्यापारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चैंबर को राज्य और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान कराना चाहिए। उन्होंने टीम मुकेश अग्रवाल को विजयी बनाने की अपील की।
व्यापारिक संगठनों का भी साथ
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मलेन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि चैंबर को आगे बढ़ाने में टीम मुकेश अग्रवाल बेहतर साबित होंगे। टीम के सदस्य डॉ अभिषेक रामाधीन ने कहा कि व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चैंबर को मजबूत बनाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम लगातार व्यवसायियों से संपर्क कर समर्थन जुटा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे प्रमुख सदस्य
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवीण लोहिया, पंकज पोद्दार, छवि विरमानी, भानु जालान, अमित अग्रवाल, आस्था किरण, निधि झुनझुनवाला, माला कुजूर, सुमित जैन, सीपी जैन, विनोद अग्रवाल, सज्जन अग्रवाल, सौरभ बजाज समेत अन्य लोग मौजूद थे। टीम के सभी सदस्यों ने एक स्वर में व्यापारियों के हित में काम करने का संकल्प दोहराया।
झारखंड में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और कारोबारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए चैंबर की भूमिका हमेशा से अहम रही है। झारखंड राज्य बनने के बाद से चैंबर ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार के साथ संवाद स्थापित किया है। इस बार के चुनाव में टीम मुकेश अग्रवाल की मजबूत दावेदारी और वरिष्ठ नेताओं का समर्थन उनकी स्थिति को मजबूत बनाता है।
व्यापारी वर्ग को उम्मीद है कि नई टीम के आने से जीएसटी, लाइसेंस प्रक्रिया, बाजार सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर ठोस काम होगा। टीम मुकेश अग्रवाल का 35 सदस्यों का बड़ा पैनल इस बात का संकेत है कि वे हर वर्ग और क्षेत्र के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।

