भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज यानी 23 अक्टूबर को तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को लेकर राज्य इकाई में खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रदेश भाजपा ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा संगठन की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे।
दौरे के मुख्य आकर्षण के रूप में, श्री नबीन 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। इस उच्च स्तरीय बैठक में पार्टी संगठन की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की जाएगी और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी का मुख्य जोर ‘मिशन 2029’ की तैयारियों और राज्य में संगठन को अधिक धार देने पर रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे और उनके भव्य स्वागत की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने पहले ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की है। रांची पहुंचने वाले विभिन्न मार्गों पर पार्टी के झंडे, बैनर और भव्य तोरण द्वार लगाए गए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के विभिन्न नेताओं और कार्यकर्ताओं को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि दौरे में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे।
आगामी 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली इस प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्य भर से आए वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और जनप्रनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने और जनता के बीच पार्टी की पहुंच को और अधिक मजबूत करने पर गंभीर मंथन किया जाएगा। इस दौरे के बाद झारखंड में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की पूरी उम्मीद है।


