
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने यह भी दावा किया है कि कल वोटिंग में प्रणव झा को 27+9 वोट मिलेंगे। गौरतलब है कि 81 सीटों वाले झारखंड विधानसभा में झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, भाजपा के 21, आरजेडी के 4, वामदल के 2, लोजपा (रामविलास) के 1, जेडीयू के 1, आजसू पार्टी के 1 और जेएलकेएम के 1 विधायक हैं। गठबंधन के नजरिए से आंकड़ा देखेंगे तो महागठबंधन के पास 56 तो वहीं एनडीए के पास 24 विधायक हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसी बीच दावा किया है कि उनके पास 56 नहीं, अपितु 61 विधायकों का समर्थन है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि ये कौन से 5 विधायक हैं, जिनकी अंतर्रात्मा गठबंधन के पक्ष में जाग सकती है।
राज्यसभा की 2 खाली सीटों पर 3 प्रत्याशी
गौरतलब है कि राज्यसभा की खाली 2 सीटों के लिए झारखंड में 3 उम्मीदवार हैं। एनडीए ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को समर्थन देने का ऐलान किया है। एनडीए का भी दावा है कि उनका समर्थित प्रत्याशी जीतेगा। होटल पॉलिटिक्स भी जारी है। एनडीए के सभी विधायकों को पांच सितारा होटल रेडिशन ब्लू में रखा गया है तो वहीं होटल बीएनआर में सत्ताधारी दल के विधायकों का प्रवास हो रहा है।



