बोकारो, उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को समाहरणालय में लोक संवाद के तहत ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मामलों की प्रगति की समीक्षा की।
लोक संवाद की समीक्षा और निर्देश
मौके पर उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता श्री सुनील चन्द्र, उप निदेशक सह डीपीआरओ श्री रवि कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने कहा कि लोक संवाद का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान से पंचायत का विकास सुनिश्चित करना है।
डुमरी बिरहोर विद्यालय को उच्च विद्यालय में अपग्रेड
ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय डुमरी बिरहोर को उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने की मांग की। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत स्कूल बस की वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
सड़क एवं पुल की समस्याओं पर तेजी
धमदरबा-कासीटॉड से बिरहोरडेरा, डुमरी से बड़कीकोयाटांड़ तथा तुलबुल-ढेंढे-सियारी सड़क पर क्षतिग्रस्त पुल की समीक्षा हुई। विशेष प्रमंडल को 30 अगस्त तक सर्वे रिपोर्ट देने को कहा गया। अनटाइड फंड से कार्य कराने की दिशा में कार्रवाई के निर्देश जिला योजना पदाधिकारी श्री राज शर्मा को दिए गए।
वनाधिकार के तहत पट्टा दिलाने की पहल
उपायुक्त ने सामूहिक वन अधिकार के तहत पात्र लोगों को पट्टा दिलाने के लिए ग्रामसभा आयोजित कर प्रस्ताव पारित कराने को कहा। साथ ही वन अधिकार कानून के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया।
जर्जर आवासों की मरम्मत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं
प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोमिया श्री महादेव महतो को जर्जर प्रधानमंत्री आवास की मरम्मत/स्वीकृति पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य एवं एम्बुलेंस सुविधा के लिए सीएसआर के तहत ओएनजीसी से एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की पहल करने को कहा गया।
स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
पत्तल निर्माण, सिंचाई एवं रस्सी निर्माण के लिए मशीन उपलब्ध कराने की मांग पर उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय रोजगार से जोड़ने तथा आवश्यक मशीन एवं संसाधन मुहैया कराने का निर्देश दिया।
टीवीएनएल मामलों का त्रिस्तरीय वार्ता
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्रीमती अनुराधा कुमारी को टीवीएनएल द्वारा अधिग्रहित भूमि, मुआवजा दर एवं पूर्व भुगतान का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने को कहा गया। टीवीएनएल प्रबंधन, जिला प्रशासन एवं विस्थापित ग्रामीणों के बीच त्रिस्तरीय वार्ता आयोजित कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सियारी को मॉडल पंचायत बनाने की योजना
उपायुक्त ने सियारी पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने को कहा। युवाओं के लिए विशेष कोचिंग, बेहतर शैक्षणिक अवसर एवं स्वरोजगार की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। सीएसआर नोडल पदाधिकारी को औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा पंचायत को गोद लेने की संभावना पर कार्रवाई करने को कहा।
कम्युनिटी फार्मिंग को बढ़ावा
उपायुक्त ने ग्रामीण प्रतिनिधियों से कम्युनिटी फार्मिंग, इंटीग्रेटेड फार्मिंग एवं ऑफ-ऑन फार्मिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील की। कृषि के साथ अन्य आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
सियारी को नशामुक्त पंचायत बनाने की अपील
उपायुक्त ने नशामुक्त पंचायत बनाने के लिए जागरूकता बोर्ड लगाने, युवाओं की यूथ ब्रिगेड तैयार करने तथा सामुदायिक स्तर पर नशे की रोकथाम की पहल करने को कहा। राष्ट्रीय चेतना एवं सांस्कृतिक समिति गठित कर प्रत्येक सप्ताह जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने तथा एसएचजी दीदी को पत्रकार दीदी के रूप में कार्य करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को लोक संवाद में प्राप्त मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
झारखंड सरकार आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।



