चतरा: 35वीं बटालियन SSB ने बुधवार को अपना 20वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। समारोह में विशेष प्रचालन (गयाजी) के उप महानिरीक्षक एवं विधायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। इसके बाद उप महानिरीक्षक श्री मानवेंद्र ने बटालियन के वीर शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
35वीं बटालियन SSB के कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में चतरा एवं आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा विभिन्न राज्यों से जुड़े SSB जवानों ने देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की। भांगड़ा, बिहू, बंगाली एवं तेलंगाना नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवी बना दिया। नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक संदेश दिया तो देशभक्ति गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, SSB के श्वान दस्ते ने अपने हैरतअंगेज प्रदर्शन से खूब तालियां बटोरीं और सुरक्षा बलों के कौशल का परिचय दिया।
नागरिक कल्याण कार्यक्रम में बच्चों को मिली सौगात
नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत मुख्य अतिथियों द्वारा डी.पी.एस. पीटीज चतरा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय देवरिया, राज्य संपोषित बालिका विद्यालय एवं डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चतरा के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को साइकिल एवं स्कूल बैग, ज्योमेट्री बॉक्स, पानी की बोतल, छाता, नोटबुक सहित अन्य पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व खेल सामग्री देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है।
35वीं बटालियन SSB ने शुरू किया ब्यूटिशियन प्रशिक्षण
ग्रामीण महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बटालियन द्वारा 20 दिवसीय निःशुल्क नारी सौंदर्यीकरण (ब्यूटिशियन) प्रशिक्षण का शुभारंभ भी किया गया। इस प्रशिक्षण में सौंदर्य प्रसाधन, हेयर स्टाइलिंग, मेहंदी कला एवं त्वचा देखभाल जैसे कौशल सिखाए जाएंगे ताकि प्रतिभागी स्वरोजगार अपना सकें। इस अवसर पर 29वीं बटालियन SSB, गयाजी के कमांडेंट श्री कुणाल, 35वीं बटालियन SSB, चतरा के कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी श्री एनेन्द्र मणि सिंह, श्री मुकेश कुमार झा, प्रधानाचार्य, महाविद्यालय चतरा, श्री राहुल मीणा, जिला वन अधिकारी, चतरा तथा श्री मेंसन बरुआ, कारागार अधीक्षक, चतरा सहित विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी, मीडियाकर्मी एवं SSB के जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 500 लोगों ने भाग लिया।
सशस्त्र सीमा बल भारत की प्रमुख अर्धसैनिक बलों में से एक है जो नेपाल और भूटान से लगी सीमाओं की रक्षा करता है। अधिक जानकारी के लिए विकिपीडिया पर SSB का पृष्ठ देखें।

