योगी सरकार ने एक बार फिर से पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया है. इसके साथ ही काशी विश्वनाथ का नया सीईओ भी नियुक्त कर दिया गया है.
उत्तर प्रदेश में कई पीसीएस अधिकारी का ट्रांसफर हुआ है. इस ट्रांसफर में सबसे अहम नाम पीसीएस अधिकारी सत्यम मिश्रा का है. उन्हें वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर का नया सीईओ बनाया गया है. इससे पहले लंबे समय से मंदिर के सीईओ रहे डॉ विश्वभूषण मिश्रा का दो दिन पहले तबादला कर दिया गया था.
वहीं मंगलेश दुबे को प्रयागराज (नगर) का अपर जिलाधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है. इस पद पर अब तक सत्यम मिश्रा सेवाएं दे रहे थे. वहीं अरविंद कुमार द्विवेदी को लखनऊ विकास प्राधिकरण का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है. अरविंद अब तक फिरोजाबाद में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की सेवाएं दे रहे थे.

इसके अलावा वाराणसी की नगर निगम में अपर नगर आयुक्त सीमा पांडेय को फिरोजाबाद में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नियुक्त किया गया है.
वहीं पीसीएस अधिकारी अभय कुमार पांडेय को कासगंज अपर जिलाधिकारी पद पर ट्रांसफर किए जाने के फैसले को रद्द कर उन्हें वर्तमान पद पर बने रहने का आदेश है.

