रांची। रोटरी के ‘मिशन एक लाख पौधारोपण’ अभियान के तहत सीआरपीएफ के ग्रुप केंद्र, सेम्बो परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रुप केंद्र के उप महानिरीक्षक सुनील कुमार ने किया। मुख्य अतिथि झारखंड सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह थे। कार्यक्रम के दौरान परिसर में फलदार, फूलदार और औषधीय प्रजातियों के 500 पौधे लगाए गए।
मुख्य अतिथि साकेत कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व का आधार हैं। पेड़ स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रोटरी क्लब भविष्य में भी सीआरपीएफ के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करेगा।
कार्यक्रम में झारखंड सेक्टर मुख्यालय के पुलिस उप महानिरीक्षक अजय मिश्रा, पुलिस उप महानिरीक्षक (सेवानिवृत्त) डीएन लाल, पुलिस उप महानिरीक्षक केके पांडेय, पुलिस उप महानिरीक्षक पी. कुजूर तथा कंपोजिट अस्पताल रांची की पुलिस उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. शैल बाल सोरेंग सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

