NHAI के गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. करीब 740 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा.
Gorakhpur shamli Expressway: उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य है. यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे से लेकर बुंदेलखंड, आगरा-लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे जैसे सुपरफास्ट रोड कॉरिडोर हैं. इसके साथ ही कई नए एक्सप्रेसवे पर काम चल रहा है. इसी में शामिल है ‘गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे’. यह एक्सप्रेसवे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद शामली से गोरखपुर तक का सफर महज साढ़े 7 घंटे में पूरा होगा. वहीं दिल्ली-एनसीआर से 8 घंटे में गोरखपुर पहुंचा जा सकेगा. इसके अलावा यह सुपरफास्ट एक्सप्रेसवे पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल को एक धागे में पिरो देगा.
क्या है नया अपडेट?
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ी प्रगति हुई है. NHAI ने हाल ही में पैकेज 9, 10, 11 और 12 के लिए निर्माण बिड आमंत्रित की हैं. इन पैकेजों की तकनीकी और वित्तीय बोलियां 6 नवंबर 2026 को खोली जाएंगी. इससे पहले पैकेज 5, 6, 7 और 8 के लिए भी निर्माण बिड जारी की जा चुकी हैं. इसके साथ ही एक्सप्रेसवे के कुल 532.9 किलोमीटर हिस्से के 8 पैकेज निर्माण प्रक्रिया में पहुंच चुके हैं.
दो चरणों में होगा निर्माण
फेज-1: शामली (दिल्ली-देहरादून और अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे के जंक्शन) से शाहजहांपुर के पुवायां तक (348.184 किमी )
फेज-2: पुवायां से गोरखपुर तक (391.77 किमी)
गंगा एक्सप्रेसवे से भी बड़ा होगा कॉरिडोर
फिलहाल उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे है जिसकी लंबाई 594 किलोमीटर है. वहीं गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे की प्रस्तावित लंबाई करीब 740 किलोमीटर है. पूरा होने के बाद यह उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा और राज्य के पश्चिमी तथा पूर्वी हिस्सों को एक हाई-स्पीड कॉरिडोर से जोड़ेगा. इसके साथ ही इसे पंजाब के अंबाला तक विस्तार करने की भी योजना है.

