दिशा सालियान मौत मामले पर आदित्य ठाकरे ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है. आदित्य का कहना है कि वे दिशा को जानते तक नहीं थे, इस केस से उनका नाम जानबूझकर जोड़ा जा रहा है.
दिशा सालियान केस ने महाराष्ट्र की सियासत में सरगर्मी बढ़ा रखी है. मुंबई हाईकोर्ट के आदेश पर CBI के एफआईआर दर्ज करने के बाद से मामला लगातार सुर्खियों में है. इस केस में आदित्य ठाकरे का नाम लगातार उछल रहा है, जिसे लेकर अब उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. जिसमें आदित्य ठाकरे ने दिशा सालियान को जानने से साफ इनकार कर दिया है. पढ़ें उनका बयान…
‘मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला और न ही मेरी उनसे कोई पहचान थी. राजनीतिक मंशा से, व्यक्तिगत द्वेष के कारण और चरित्रहनन के उद्देश्य से कुछ लोगों द्वारा पिछले छह वर्षों से बार-बार इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से मेरा नाम जोड़ने का प्रयास जानबूझकर किया जा रहा है, जबकि इसका कोई सबूत या संबंध नहीं है.बिना किसी तथ्य और सच्चाई के लगातार चलाया जा रहा यह झूठा अभियान दुर्भाग्यपूर्ण है’आदित्य ठाकरे ने आगे कहा- ‘शोर-शराबे के साथ टीवी चैनलों पर होने वाली झूठी चर्चाएं और मीडिया ट्रायल सच्चाई को नहीं बदल सकते. आधिकारिक एजेंसियों को बिना किसी व्यवधान, राजनीतिक हस्तक्षेप या चरित्रहनन के, निष्पक्ष तरीके से एक बार फिर नए सिरे से मामले की जांच करने दी जानी चाहिए. एक बार फिर कहना चाहता हूं कि अगर किसी को लगता है कि इस तरह के चरित्रहनन और झूठे प्रचार के जरिए आप हमें चुप करा सकते हैं, तो यह आपका भ्रम है. सच्चाई के लिए, अन्याय के खिलाफ और देशवासियों को साथ लेकर हमारा संघर्ष जारी रहेगा.

