बिहार की राजनीति में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) से अनंत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद अब नीलम देवी पर भी कार्रवाई की गई है। उन्हें 20 सूत्री समिति के सदस्य पद से हटा दिया गया है। साथ ही, उनका राज्यमंत्री का दर्जा भी समाप्त कर दिया गया है। इस फैसले को पार्टी की ओर से अनंत सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, हालिया विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार किया था। उन्होंने जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार कर उनका समर्थन किया। इसे पार्टी लाइन के खिलाफ कदम माना गया। इसके बाद JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के आदेश पर अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी ने इस कार्रवाई के पीछे पार्टी विरोधी गतिविधियों को आधार बताया। अब नीलम देवी पर हुई कार्रवाई के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।