
अगर आप राजधानी रांची में किराए के मकान में रहते हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। अब आपको आपके सपनों का घर मिल सकता है।
शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शहर के हातमा पहाड़ एवं मिसिरगोंदा तालाब क्षेत्र का विस्तृत जमीनी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम को पता चला कि हातमा पहाड़ के समीप कुल 3.57 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध है। इस कीमती जमीन को सुरक्षित करने के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अंचल कार्यालय को पूरी भूमि का अविलंब सीमांकन करने का कड़ा निर्देश जारी किया है।
इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि इस जमीन का उपयोग गरीबों और समाज के जरूरतमंद तबके के कल्याण के लिए किया जाएगा।
यहां उनके आवास के लिए जी प्लस थ्री यानी चार मंजिला ऊंचाई के आधुनिक फ्लैट्स का निर्माण कराया जाएगा, जिससे बेघर लोगों को अपना आशियाना मिल सकेगा।
हातमा पहाड़ का जायजा लेने के बाद नगर आयुक्त सुशांत गौरव की टीम मिसिरगोंदा क्षेत्र पहुंची। यहां उन्होंने 5.88 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैले ऐतिहासिक मिसिरगोंदा तालाब का बारीकी से निरीक्षण किया। तालाब के आसपास हो रहे अतिक्रमण और इसकी स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अंचल कार्यालय की टीम के साथ संयुक्त रूप से मिलकर तालाब का जल्द से जल्द सीमांकन करने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने इस विशाल जलाशय के सौंदर्यीकरण और स्थानीय नागरिकों के लिए अन्य मनोरंजन व विकास योजनाएं तैयार करने का ब्लूप्रिंट बनाने का निर्देश दिया है।

