देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशन में गठित टीमों ने जिले के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, चाट विक्रेताओं और खाद्य भंडारण स्थलों की जांच की। इस दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच भी की गई।
निरीक्षण के दौरान घोरमारा, मोहनपुर स्थित ओम जी पेड़ा शॉप में पेड़ा निर्माण के लिए करीब 1,060 किलोग्राम खोया भंडारित मिला। प्रारंभिक जांच में इसकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूरी खेप को मौके पर ही सील कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगली सूचना तक इस खोया का उपयोग, बिक्री या किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। आवश्यक नमूने अधिकृत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई होगी।
अभियान के दौरान मधुबन होटल, माधुरी होटल, सिंध होटल, होटल नीलकमल, कार्तिक फूड प्लाज़ा, कामधेनु होटल, रूफ टॉप रेस्टोरेंट, विक्रम चाट भंडार, वेदा इन–द विंटेज, होटल राज तथा बसुकी पकौड़ी चाट का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, पनीर, चाट, घुघनी और पकौड़ी की मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से जांच की गई।
रूफ टॉप रेस्टोरेंट में उपयोग किए जा रहे 1 किलोग्राम हल्दी पाउडर में प्रतिबंधित कृत्रिम रंग मेटानिल येलो (Metanil Yellow) की मिलावट पाई गई। वहीं 1 किलोग्राम एक्सपायरी सूजी भी बरामद हुई, जिसे जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा विक्रम चाट भंडार की करीब 10 किलोग्राम चाट और बसुकी पकौड़ी चाट की करीब 10 किलोग्राम घुघनी में भी मेटानिल येलो की मौजूदगी पाई गई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगभग 5 किलोग्राम पकौड़ी भी मौके पर नष्ट करा दी गई।
निरीक्षण के दौरान वेदा इन–द विंटेज और होटल राज में खाद्य सुरक्षा मानकों का संतोषजनक पालन पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने चेतावनी दी कि मिलावटी, असुरक्षित, घटिया गुणवत्ता वाले या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा कार्यालय, देवघर ने बताया कि राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पूरी अवधि में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, चाट विक्रेता, डेयरी प्रतिष्ठान, खाद्य गोदाम और अन्य खाद्य व्यवसायों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रकाश चन्द्र गुप्ता, शैलेश कुमार यादव, संजय कुमार, अंजली बिवा मिंज तथा सहायक प्रिंस कुमार चौधरी, यशोलोक प्रकाश, रोहित कुमार महतो, पुलिस बल और अन्य विभागीय कर्मी शामिल रहे।



