दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित एक सरकारी कन्या विद्यालय में 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा झारखंड के कोडरमा की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक मामला आत्महत्या का है। स्कूल परिसर से तीन पन्नों का एक नोट मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा घोंडली में किराए के मकान में अपने भाई-भाभी और तीन बहनों के साथ रहती थी। शनिवार को स्कूल में कक्षाएं सामान्य रूप से चल रही थीं। इसी दौरान छात्रा क्लासरूम से बाहर गई और स्कूल परिसर में यह घटना हुई।
छात्रा की बहन ने बताया कि उन्होंने शनिवार सुबह उसे स्कूल के गेट पर छोड़ा था। उनके मुताबिक वह हंसती-मुस्कुराती स्कूल गई थी। परिजनों ने कहा कि उन्हें छात्रा के तनाव में होने की जानकारी नहीं थी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।