राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के न्यूरोसर्जरी विभाग ने ब्रेन ट्यूमर का एक जटिल ऑपरेशन किया है। धनबाद की 42 वर्षीय महिला मरीज न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस और ओलिगोडेंड्रोग्लियोमा से पीड़ित थीं। रिम्स के मुताबिक ऑपरेशन सफल रहा।
मरीज की जटिल चिकित्सकीय स्थिति और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण सर्जरी से पहले कई स्तरों पर तैयारी करनी पड़ी। खासकर एनेस्थीसिया देना और ऑपरेशन की तैयारी डॉक्टरों के लिए चुनौतीपूर्ण थी। मरीज की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अलग-अलग विभागों के डॉक्टरों से परामर्श लिया गया। जरूरी चिकित्सकीय क्लीयरेंस मिलने के बाद ही ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
करीब एक इंच का चीरा लगाकर निकाला ट्यूमर
ऑपरेशन न्यूरोसर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में हुआ। टीम ने मस्तिष्क में लगभग एक इंच का चीरा लगाकर ट्यूमर निकाला। रिम्स के मुताबिक सटीक सर्जिकल योजना और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल ने इसमें अहम भूमिका निभाई।
न्यूरोसर्जरी टीम में डॉ. आनंद प्रकाश के साथ डॉ. नारायण और डॉ. कुमार दीपक शामिल थे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. मुकेश, डॉ. राजेश, डॉ. वशिष्ठ, डॉ. क्षितिज और डॉ. अधिश्री ने भूमिका निभाई।