Prashant Kishor Won Bankipur Seat: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए बीजेपी के लंबे समय से चले आ रहे वर्चस्व को समाप्त कर दिया है. प्रशांत किशोर ने बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार को 19 हजार 324 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की. वहीं राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं.
कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत के बाद जन सुराज के कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. सड़कों पर कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दे रहे हैं. प्रशांत किशोर ने काउंटिंग की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और यह आखिरी तक जारी रही. ऐसे अब बांकीपुर को नये विधायक के रूप में प्रशांत किशोर मिल गए हैं.
प्रशांत किशोर ने अपनी जीत पर क्या कहा?
प्रशांत किशोर एएन कॉलेज पहुंचे थे. यहां उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत की. इस दौरान अपनी जीत पर पीके ने कहा, यह बांकीपुर की जनता की जीत है. पीके ने आगे कहा कि जनता ने केंद्रीय नेतृत्व को यह संदेश दिया है कि बिहार का सीएम किसी अच्छे आदमी को बनाया जाए. उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने वोट दिया उन्हें धन्यवाद. जो वोट नहीं दिए उनका विश्वास जीतने का काम करेंगे.



