शहीद भगत सिंह उच्च विद्यालय में धूमधाम से मनी भगत सिंह की जयंती
चौपारण (हजारीबाग) झापा-बिशनपुर स्थित शहीद भगत सिंह उच्च विद्यालय में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती पर विद्यार्थियों को उनके जीवन, संघर्ष और देशभक्ति से रूबरू कराया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगत सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थापक सह पूर्व विधायक रामलखन सिंह ने भगत सिंह के जीवन संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए साहस, त्याग और देशप्रेम की प्रेरणा है। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बिरेन्द्र सिंह ने बांसुरी की धुन पर ‘बहुत प्यार करते हैं भगत को हम’ गीत प्रस्तुत किया। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। इसके बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गीत-संगीत और अन्य प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
मौके पर पूर्व सचिव नागेन्द्र कुशवाहा, जीप सह सचिव राकेश रंजन, सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव, राधा कुमार पाण्डेय, रामेश्वर राम, पूर्व प्रधानाचार्य नकुलदेव पोद्दार, रोशन साव, पूर्व लिपिक सियाराम सिंह, प्रधानाचार्य महादेव प्रजापति, कृष्णा शर्मा, नितदेव पाण्डेय, किरण कुमारी, शांति कुमारी, दीपक कुमार, खुशी यादव, उमेश कुमार दांगी, अमरजीत प्रसाद, लिपिक सुबोध कुमार, आदेशपाल तुलसी साव, रात्रि पाली गार्ड महेंद्र राम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



