सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए मिसाइल हमले में 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी है। इस घटना से पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है और खाड़ी देशों की ओर जाने वाली उड़ानें भी इसकी चपेट में आई हैं।
बताया जा रहा है कि मरने वालों में चार सऊदी और दो बांग्लादेशी नागरिक हैं। भारतीय मृतक की पहचान हैदराबाद के मेहदीपट्टनम निवासी मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में हुई है। इसी हमले में उनकी पत्नी और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में करीब 300 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है, जिनका स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हमले के बाद भारत और खाड़ी देशों के बीच हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार कोच्चि और कोझिकोड एयरपोर्ट से कई उड़ानें रद्द की गई हैं। प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।




