झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने 35 वर्षीय शिशु टुडू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया है। उसे मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 की रात सूचना मिली थी कि स्कूल से लौटने के बाद बच्ची मवेशी लाने मैदान गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो मैदान के पास उसकी चप्पल और मवेशी बांधने की रस्सी मिली। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन की। गांव से करीब 500 मीटर दूर चेक डैम के पास झाड़ियों से बच्ची का शव बरामद हुआ।
एसआईटी ने की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) बनाया गया। जांच दल ने तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और एफएसएल टीम की मदद से जांच की। पुलिस के मुताबिक इस दौरान करीब 500 संदिग्धों से पूछताछ की गई और आखिर में आरोपी तक पहुंचा जा सका। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कपड़े और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
किन धाराओं में मामला दर्ज
काठीकुंड थाने में कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238, 3(5), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।