झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत कमडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव में छापेमारी कर प्रतिबंधित संगठन PLFI के सक्रिय सदस्य विश्राम कोनगाड़ी उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसके पास से एक कार्बाइन, एक पिस्टल, बड़ी संख्या में गोलियां और नक्सली पर्चे बरामद हुए हैं।
कार्रवाई में पुलिस ने 45 वर्षीय एतवा मास्टर को भी गिरफ्तार किया है, जिसे संगठन का प्रमुख मुखबिर बताया जा रहा है। इसके अलावा संगठन को सहयोग देने के आरोप में दो और लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस तरह मामले में कुल चार लोग पुलिस के कब्जे में हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विश्राम कोनगाड़ी के खिलाफ पड़ोसी जिले खूंटी में 15 मामले दर्ज हैं। इनमें से तीन मामले अदालत में विचाराधीन बताए जा रहे हैं। मामलों में 17 सीएलए एक्ट, दंगा भड़काने और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस गिरफ्तार सभी लोगों से पूछताछ कर रही है और उनके सहयोगियों और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।