
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे झारखंड में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इसे लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य के सभी 24 जिलों में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की ओर से विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जहां प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग गुरुजी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस अवसर पर राज्यभर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी रहने की संभावना है। मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित किया जाएगा, जहां करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि मुख्य आयोजन लुकैयाटांड़ में होगा, जबकि गुरुजी के पैतृक गांव नेमरा में अलग से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।


