पाकुड़: पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झिकरहाटी गांव में पुलिस ने ऑपरेशन जीवन के तहत गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध देशी महुआ शराब के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 95 लीटर महुआ शराब और एक ई-रिक्शा (टोटो) जब्त करते हुए तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि झिकरहाटी निवासी सष्टी राजवंशी अपने घर से अवैध शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है।त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
टोटो से उतारी जा रही थी शराब की खेप
विशेष टीम ने जब सष्टी राजवंशी के घर पर दबिश दी, तो पाया कि दो लोग टोटो से प्लास्टिक जार उतारकर घर के अंदर ले जा रहे थे। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें खदेड़कर धर दबोचा।तलाशी के दौरान टोटो से 45 लीटर और सष्टी के घर से 50 लीटर (तीन जार में 75 लीटर एवं 1 लीटर की 20 बोतलें) कुल 95 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सष्टी राजवंशी (पिता- खोखन राजवंशी), साकिन- झिकरहाटी, थाना- पाकुड़ (मु0)।अब्दुल हाकिम (टोटो चालक, पिता- स्व. ऐरादोत शेख), साकिन- चांदपुर, थाना- समशेरगंज, जिला- मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) व जैनल आवेदिन (पिता- स्व. साबदुल शेख), साकिन- चांदपुर, थाना- समशेरगंज, जिला- मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के बाद पाकुड़ (मु0) थाना में कांड संख्या 110/26 दर्ज कर ली गई है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी टीम में एएसआई यशवंत कुशवाहा, महादेव प्रसाद मालाकार, कालेश्वर साव, शांति देवी, मनोज कुमार साहा व सशस्त्र बल शामिल थे।



