रांची: 6 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। बैठक में मॉनसून सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित करने पर सहमति जताई।
सदन के सुचारू संचालन पर हुआ मंथन
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सकारात्मक सहयोग देने की अपील की। मॉनसून सत्र के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। राज्य सरकार और विधानसभा सचिवालय की ओर से उम्मीद जताई गई कि सभी दलों के सहयोग से मॉनसून सत्र गरिमापूर्ण और सुचारू तरीके से संचालित होगा।



