बीजेपी के नए प्रदेश प्रभारियों की पहली बैठक, नितिन नबीन ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की पहली बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ संगठनात्मक मामलों तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी संगठन को और मजबूत करने के तरीकों पर मंथन किया गया। नए प्रभारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने राज्यों में पर्याप्त समय दें और नियमित रूप से पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करें।
प्रभारियों को जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और उनका समयबद्ध समाधान करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही, युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद बढ़ाने की सलाह दी गई।
बैठक में प्रभारियों और सह-प्रभारियों से आपसी समन्वय के साथ काम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा करने को भी कहा गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह संदेश दिया गया कि संगठनात्मक कार्यों में व्यक्ति से ऊपर पार्टी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।



