गाजा: गाजा पट्टी पर इजराइल ने लगातार दूसरे दिन भी हवाई हमले किए, जिनमें मासूम बच्चों समेत 13 आम लोगों की मौत हो गई। फ़लस्तीनी अधिकारियों के मुताबिक हमले गजा सिटी, ख़ान यूनिस और दीर अल-बलाह के रिहायशी इलाकों में किए गए। उन्होंने बताया कि इजराइली सैन्य विमानों ने कई आवासीय क्षेत्रों को निशाना बनाया।
वहीं, इजराइली सेना ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य गजा में सक्रिय सैन्य ठिकानों और हमास के लड़ाकों को निशाना बनाना था। सेना ने दावा किया इन हमलों में हमास के दो लड़ाके भी मारे गए हैं। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब कुछ दिन पहले हमास ने प्रस्तावित निरस्त्रीकरण योजना को स्वीकार किया था। इस योजना के तहत हमास अपने हथियार ट्रंप के बोर्ड ऑफ़ पीस को सौंपेगा।
उधर इजराइल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने साफ किया कि गजा में सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि हमास अपने हथियार नहीं छोड़ता है, तो गजा पट्टी को पूरी तरह इजराइल के नियंत्रण में लाना जरूरी होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल गजा पट्टी का करीब 70 फीसदी हिस्सा इजराइल के नियंत्रण में है।



