जमुई: जमुई में दो नाबालिग बच्चों को एक भीड़ ने घेर लिया और बदसलूकी की, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सामने आया, पुलिस ने कार्रवाई में अब तक 3 लोगों को अरेस्ट कर लिया है बाकियों की तलाश जारी है.
जमुई की बेटी से बदसलूकी करने वाले दरिंदे
प्लीज माफ कर दीजिए, प्लीज आखिरी बार… जमुई की सड़क पर एक बेबस लड़की उस भीड़ से गुहार लगा रही है, जिसने उसे और उसके एक नाबालिग दोस्त को सबके सामने पीटा और शर्मनाक तरीके से उत्पीड़न किया. दरअसल, दो दोस्त साथ में घूमने निकले तो लौटते समय इन दरिंदों ने उन्हें पकड़ लिया. उनसे सवाल करने लगे कि क्यों घूम रहे हो… कहां से आए हो… इतना करके भी जी नहीं भरा तो लड़की और लड़के को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और गलत हरकतें कीं.
वीडियो में दिख रहा है कि दो नाबालिग बच्चों को कुछ लोगों ने घेर लिया है. उनके साथ बहस कर रहे हैं तभी मुंह पर दुप्पटा ओड़े एक आदमी बच्ची के साथ बेहद शर्मनाक हरकतें करने लगता है. इस बीच वो लड़का बचाने की कोशिश करता है तो उसकी शर्ट खींचकर भीड़ उसे पीटने लगती है. वहीं कुछ लोग वीडियो बना रहे हैं. इसके बाद लड़की हाथ जोड़कर गुहार लगाती दिख रही है प्लीज आखिरी बार छोड़ दो, हम इसकी बेस्ट फ्रेंड हैं.
फिर नाबालिग लड़का कहता है कि हम साथ पढ़ते हैं, भैया प्लीज छोड़ दो, घर में सबको पता है ये मेरी दोस्त है. तभी भीड़ से आवाज आती है, चल बात करा परिवार से. मोबाइल यहीं छोड़कर जा. चल जा…
मामला 19 सितंबर का बताया जा रहा है, जिसने भी इस वीडियो को देखा अंदर तक सिहर गया कि कोई ऐसा कैसे किसकी की बेटी के साथ कर सकता है. बता दें कि इस घटना पर तुरंत तो कोई कार्रवाई भी नहीं हुई होती अगर इस घटना का वीडियो वायरल न हुआ होता. वीडियो सामने आने के बाद इस घटना की चर्चा तेज हो गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला.



