जामताड़ा: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार को जामताड़ा जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित कुसोई मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसे साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान घटनाक्रम हिंसक हो गया और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर पुलिस के विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुजीत सिन्हा को सुरक्षा कारणों से साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा के कुसोई मोड़ के पास पुलिस और उसके बीच मुठभेड़ हुई। इस घटना में सुजीत सिन्हा की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सुजीत सिन्हा का नेटवर्क रांची, रामगढ़, धनबाद, बोकारो और कोयलांचल क्षेत्र तक फैला हुआ बताया जाता था। उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या, फायरिंग, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, जेल में रहते हुए भी उस पर गिरोह संचालित करने के आरोप लगते रहे थे। इसी वजह से उसे अलग-अलग जेलों में रखा जाता था।
पिछले कुछ वर्षों से झारखंड पुलिस सुजीत सिन्हा गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कई सदस्य गिरफ्तार किए गए थे, जबकि कुछ पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़े या घायल हुए थे। पुलिस का दावा रहा है कि यह गिरोह रंगदारी और हथियारों के बल पर कारोबारियों और ठेकेदारों में दहशत फैलाता था। फिलहाल जामताड़ा पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



