
रांची
सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी रांची के सभी प्रमुख शिवालयों, खासकर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सोमवार को पहाड़ी मंदिर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग
गोशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग
इन तिथियों पर लागू रहेगी विशेष व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सावन की सभी सोमवारी यानी 3, 10, 17 और 24 अगस्त के अलावा श्रावणी पूर्णिमा (28 अगस्त) को भी विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह वर्जित रहेगा।



