हजारीबाग जिले के अमनारी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय अजगर ने करीब 30 किलो वजनी बकरी को अपना शिकार बना लिया। बकरी को निगलते अजगर को देखकर ग्रामीण घबरा गए और उन्होंने तुरंत रेस्क्यू टीम को खबर दी। मामला हजारीबाग के मेरू से कुछ पहले स्थित अमनारी पंचायत के अमनारी गांव का है।
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे के भीतर टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक भीड़ और शोरगुल के कारण अजगर पास के जंगल में जा छिपा था। इलाके में छह फीट से भी ऊंची घनी झाड़ियां थीं, जिनके बीच उसे खोजना आसान नहीं था। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम के सदस्य गोपाल और हर्ष यादव ने सावधानी से तलाश शुरू की।
काफी देर की मशक्कत के बाद अजगर पास के एक नाले में दिखाई दिया। टीम ने उसे सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। अजगर घायल अवस्था में मिला और उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। रेस्क्यू के बाद वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई और अजगर के उपचार की व्यवस्था की गई।



