नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड में भूस्खलन, छत्तीसगढ़ में पुल टूटने, उत्तर प्रदेश में बाढ़ और बिहार-झारखंड में आकाशीय बिजली की घटनाओं ने हालात को गंभीर बना दिया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में लगातार बारिश से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की चपेट में आकर बंद हो गया है, जिससे चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग में भी पहाड़ियों से मलबा गिरने का खतरा बढ़ गया है और प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रख रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के चलते बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर एक पुल बीच से टूट गया। हादसे के समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई, हालांकि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
उत्तर प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर सहित कई शहरों में तेज बारिश दर्ज की गई। गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर में गंगा का पानी छह गांवों में घुस गया है, जिससे सड़कों पर नाव चलानी पड़ रही है।
बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर पांच दिनों से पानी बहने के कारण यातायात बंद है। फर्रुखाबाद और वाराणसी में भी गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांव और घाट जलमग्न हो गए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार के बांका और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।
वहीं राजस्थान में भी कई जिलों में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। बाड़मेर के बिशाला-सोनड़ी मार्ग पर चार से पांच फीट पानी भर जाने से एक ट्रक और दो बाइक सवार फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। जयपुर, अजमेर, दौसा और करौली समेत कई जिलों में भी बारिश से मौसम सुहावना होने के साथ-साथ जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले एक सप्ताह तक मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।



