जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एलओसी के KG सेक्टर से भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे लश्कर-ए-तैयबा के एक टॉप कमांडर समेत 4 पाकिस्तानी आतंकी लैंडमाइन धमाके में मारे गए। इनकी पहचान पुंछ जिले (POJK) की हाजीरा तहसील के मंडला और मदारपुर के रहने वालों के रूप में हुई है। मृतकों के नाम मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद फैजान (टॉप LeT कमांडर), मोहम्मद वकास और मोहम्मद आसिम बताए गए हैं।
धमाके की आवाज जीरो लाइन के पास बसे सतवाल-नाकी इलाके में सुनाई दी। बताया जा रहा है कि यह धमाका तब हुआ, जब एलओसी के पास कुछ लोगों की हलचल दिखी थी। शुरुआती संदेह आईईडी ब्लास्ट का है। धमाके के बाद सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं और आसपास के इलाके में तैनाती बढ़ा दी गई है।
अभी यह साफ नहीं है कि धमाका एलओसी पार कर आ रहे संदिग्धों ने किया या पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने। धमाके की वजह की भी पुष्टि नहीं हुई है। सीमा से सटे सभी इलाकों में अलर्ट जारी है और त्योहारी सीजन से पहले सुरक्षा बल घुसपैठ को लेकर पहले से सतर्क थे। सोमवार को ही सैनिकों ने मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में दो लैंडमाइन बरामद किए थे।
यह इलाका बेहद संवेदनशील है और यहां से आतंकी अक्सर घुसपैठ की कोशिश करते रहे हैं। इसी तरह के एक धमाके में पहले पाकिस्तान की BAT टीम के 6 लोग मारे गए थे। आज सुबह भी इसी इलाके के पास दो लैंडमाइन मिले, जिन्हें सेना ने निष्क्रिय कर दिया। बीते एक हफ्ते में यहां से करीब एक दर्जन लैंडमाइन बरामद हो चुके हैं। सर्दियों में घुसपैठ के मामले बढ़ने लगते हैं, इसलिए अगले कुछ महीने सुरक्षा बलों के लिए अहम हैं।


