
सब-हेडिंग:
5 अक्टूबर को वियतनाम से रांची लाया गया था पार्थिव शरीर
खबर:
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मारे गए रांची के कैलास नगर निवासी राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। यह राशि “मुख्यमंत्री झारखण्ड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना” के तहत दी गई है। श्रम मंत्री और राज्यसभा सांसद ने यह राशि दिवंगत के परिजनों को सौंपी।
राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम करते थे। वहां एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। परिजनों ने पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने के लिए राज्य सरकार से गुहार लगाई थी।
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री के आदेश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तुरंत कार्रवाई की। नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय और हनोई स्थित भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहकर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराईं। इसके बाद पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता हवाई अड्डे लाया गया।
कोलकाता हवाई अड्डे से रांची में उनके पैतृक आवास तक पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने निःशुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था की थी। 5 अक्टूबर को शव रांची लाया गया था।




