
रांची। अपराध अनुसंधान विभाग (CID), झारखंड द्वारा JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में हुई धांधली के संबंध में बड़ी कार्रवाई की गई है। सीआईडी थाना कांड (संख्या 01/2025) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपियों को रिमांड पर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनु कुमार सिंह (पिता-अशोक कुमार सिंह) के रूप में हुई है। वह देवरिया, थाना-अवतार नगर, जिला-सारण (बिहार) का रहने वाला है। आरोप है कि मनु कुमार सिंह ने JSSC-CGL परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया, जिसके दम पर कई अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हुए हैं। इसके अलावा, न्यायिक अभिरक्षा में बंद दो अन्य आरोपियों को भी पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। इनमें कुन्दन कुमार (पिता-रामलाल राम, निवासी-ग्राम-डुमरी, पोस्ट-नमोदाग, थाना-नौडीहा बाजार, जिला-पलामू) और समीर कुमार (पिता-स्व. प्रदीप कुमार, निवासी-ग्राम+थाना-बेंगाबाद, जिला-गिरिडीह) शामिल हैं।सीआईडी इस मामले में आगे की जांच और पूछताछ कर रही है।



