
खबर:
मतदाता सूची से नामों के कथित विलोपन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रांची में विरोध प्रदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने अलग अंदाज में अपना विरोध जताया। वे कटे हुए मतदाताओं को प्रतीकात्मक रूप से “भूत” के रूप में दिखाते हुए सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस नेता कुमार राजा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में संशोधन के नाम पर बड़ी संख्या में वैध भारतीय नागरिकों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी या अवैध नागरिकों के नाम हटाने पर पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भारतीय नागरिकों के मताधिकार को प्रभावित करने वाली किसी भी कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।
“13 करोड़ नाम हटाए गए”: सुरेश बैठा
प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, रांची महानगर अध्यक्ष कुमार और रमा खलखो समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सुरेश बैठा ने दावा किया कि झारखंड में करीब 29 लाख और देशभर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम अब तक मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का आंदोलन सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि वंचित और गरीब लोगों के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा है।




