जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा गांव के पास रविवार की अहले सुबह करीब चार बजे बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिहार से कोलकाता जा रहा बालू लदा 14 पहिया हाईवा अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराया और सड़क किनारे खेत में जा घुसा। हादसे में गाड़ी का अगला शीशा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि चालक और सह-चालक बाल-बाल बच गए।
ट्रक को बचाने में खोया नियंत्रण
चालक के मुताबिक मोहड़ा के पास सामने से आ रहे एक ट्रक को बचाने की कोशिश में उसका वाहन से अचानक नियंत्रण छूट गया। अनियंत्रित हाईवा पेड़ से टकराकर बगल के खेत में उतर गया।
तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। खेत में फंसे हाईवा को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी और एक बड़ी क्रेन की मदद ली गई। पुलिस और ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।



